इस दर्दनाक हादसे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताते हुए दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि प्रकट की है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 04-04 लाख रुपये सहायता राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि विदिशा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा और पत्रकार साथी सुनील शर्मा एवं नरेंद्र दीक्षित के दुर्घटना में निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। दिवंगत श्री राजेश शर्मा जी, श्री सुनील शर्मा जी और श्री नरेंद्र दीक्षित जी का परिवार स्वयं को अकेला न समझें, दुःख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवार के साथ हैं। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए सहायता राशि प्रदान की जायेगी।
