2.29 लाख दाम, भारत में 'X440' का करंट दौड़ाने वाले हार्ली डेविडसन की कहानी
Updated on
04-07-2023 08:00 PM
नई दिल्ली: जिस बाइक का युवाओं को बेसब्री से इंतजार था वो अब खत्म हो गया है। Harley-Davidson की सबसे किफायती बाइक Harley-Davidson X440 भारतीय बाजार में लॉन्च हो गई है। दिलचस्प बात ये है कि कंपनी ने इस बाइक को महज 2.29 लाख रुपये में लॉन्च किया है। इस बाइक को कंपनी के ऑफिशियल डीलरशिप के जरिए बुक किया जा सकता है। इसके लिए 25 हजार रुपये बतौर बुकिंग अमाउंट जाम करने होंगे। बता दें कि ये पहली ऐसी हार्ली-डेविडसन (Harley-Davidson) बाइक है जो पूरी तरह से भारत में बनी है। हार्ली-डेविडसन और हीरो मोटोकॉर्प की साझेदारी से ये पहला मॉडल तैयार किया गया है। लेकिन हार्ली-डेविडसन (Harley-Davidson) बाइक में ऐसा क्या है कि लोग इसके दीवाने हैं। आइए आपको बताते हैं 'X440' का करंट दौड़ाने वाले हार्ली डेविडसन की सफलता की कहानी के बारे में।हॉर्ले डेविडसन की कैसे हुई शुरुआत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 1901 में विलियम एस हार्ली नाम के 21 साल के युवा ने एक फ्लाईव्हील्स के साथ छोटे से इंजन का प्लान बनाया। इस इंजन को एक पैडल साइकिल फ्रेम में यूज के लिए डिजाइन किया गया था। हार्ली और उनके बचपन के दोस्त आर्थर-डेविडसन के भाई वॉल्टर डेविडसन ने मोटर साइकिल पर अगले दो वर्ष तक मेहनत की। ये काम साल 1903 में पूरा हुआ। उन्होंने जो पॉवर साइकिल बनाई वह बिना पैडल के मिडवॉक की साधारण पहाड़ियों को चढ़ने में सक्षम थी। इसके बाद दोनों ने हाईटेक मशीन पर काम शुरू किया। इस पहली हार्ली-डेविडसन बाइक में बड़ा इंजन था। इसी के साथ मशीन का लूप फ्रेम पैटर्न साल 1903 की मिलवॉकी मार्केल मोटरसाइकिल के जैसा था।
लोगों की पहली पसंद
आज हार्ली-डेविडसन दुनिया की जानी-मानी बाइक कंपनी है और फ़ोर्ब्स के मुताबिक साल 2018 (मई) में इसका मार्केट कैप सात अरब डॉलर तक पहुंच गया था। भारत में इस कंपनी ने हाल में 17 नए मॉडल पेश किए हैं, जिनके दाम 5 लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये के बीच हैं। इस कंपनी की बाइक सुपरबाइक कही जाती हैं और ज़ाहिर है ज़्यादा दाम की वजह से ये ख़ास और रईस तबके की पहली पसंद हैं।